PSC घोटाले और पेपर लीक को लेकर सियासी वार-पलटवार तेज, शिव डहरिया ने भाजपा को घेरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिव डहरिया ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने प्रदेश में PSC घोटाले, पेपर लीक, जलभराव और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। डहरिया ने कहा कि भाजपा ने PSC घोटाले के नाम पर लोगों के बीच भ्रम फैलाया।

दिल्ली में छात्रों के आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए शिव डहरिया ने पेपर लीक मामले पर कहा कि जहां से पेपर तैयार हो रहे हैं, वहीं से लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के पीछे जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है और छात्रों की आवाज दबाई जा रही है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई को लेकर उठाए सवाल

पूर्व मंत्री ने पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देशभर में छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने में नाकाम साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि रायपुर समेत कई जगहों पर छात्र आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है।

जलभराव को लेकर सरकार पर हमला

रायपुर और बिलासपुर में जलभराव की स्थिति पर भी शिव डहरिया ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले बारिश के दौरान ऐसी स्थिति नहीं बनती थी और समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाता था। लेकिन अब बड़े शहरों में भी जलभराव से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार में उलझी हुई है और जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रही है।

अतिथि शिक्षकों के आंदोलन पर जताई चिंता

दुर्ग में शिक्षामंत्री के बंगले के बाहर प्रदर्शन कर रहे अतिथि शिक्षकों और D.Ed अभ्यर्थियों के समर्थन में डहरिया ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों की कमी है, इसके बावजूद अभ्यर्थियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और प्रदेश में हर वर्ग परेशान है।

भाजपा में गुटबाजी का लगाया आरोप

भाजपा की बैठक को लेकर भी शिव डहरिया ने हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में गुटबाजी हावी है और मुख्यमंत्री स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली से जनता परेशान है और आने वाले समय में यही गुटबाजी भाजपा के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *