बिलासपुर की सियासत गरमाई, पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने अमर अग्रवाल की सक्रियता पर उठाए सवाल

बिलासपुर। बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने वर्तमान विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल की विधानसभा में सक्रियता को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री पद की संभावित उम्मीद के चलते विधायक अमर अग्रवाल सरकार के खिलाफ क्षेत्र से जुड़े मुद्दे उठाने से बच रहे हैं।

शैलेष पांडेय ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि विधानसभा के मौजूदा कार्यकाल की आठ बैठकों के बावजूद अमर अग्रवाल ने बिलासपुर की समस्याओं को लेकर सरकार से एक भी सवाल नहीं पूछा। उन्होंने कहा कि विधायक का काम जनता की आवाज को सदन में मजबूती से उठाना है।

जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज करने का आरोप

पूर्व विधायक ने कहा कि बिलासपुर में जलभराव, पेयजल संकट, बढ़ते अपराध, ट्रैफिक व्यवस्था, खराब सड़कें, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, युवाओं के रोजगार, स्वामी आत्मानंद स्कूलों से जुड़े मुद्दे, कोनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, अपोलो अस्पताल में गरीबों के इलाज और हवाई सेवाओं जैसे कई महत्वपूर्ण विषय लंबित हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों को विधानसभा में उठाने के बजाय विधायक अमर अग्रवाल राजनीतिक कारणों से चुप हैं।

अपने कार्यकाल का दिया उदाहरण

शैलेष पांडेय ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विधायक रहते हुए उन्होंने बिलासपुर के हितों से जुड़े 392 सवाल विधानसभा में पूछे थे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगे भी बिलासपुर के जनहित के मुद्दों को सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाती रहेगी और जनता की आवाज को मजबूती से रखेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *