रायपुर | छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई है। यह बैठक बुधवार शाम 7 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होगी। विधायक दल के सचिव ने सभी भाजपा विधायकों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
बैठक ऐसे समय बुलाई गई है, जब मुख्यमंत्री साय ने सोमवार शाम लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में बैठक को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की रणनीति, विपक्ष के संभावित मुद्दों और सरकार की तैयारी पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और महत्वपूर्ण विषयों पर भी मंथन किया जाएगा, ताकि सदन में सरकार का पक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक चलेगा। पांच दिवसीय सत्र के दौरान कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी। इस दौरान वित्तीय कार्यों के साथ-साथ विभिन्न शासकीय विधायी और प्रशासनिक विषयों पर भी चर्चा और कार्यवाही की जाएगी।
मानसून सत्र से लगभग एक सप्ताह पहले बुलाई गई भाजपा विधायक दल की यह बैठक सरकार की रणनीतिक तैयारियों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।