पुणे | पुणे में कथित जहरीली शराब पीने से हुई मौतों ने हड़कंप मचा दिया है। बीते दो दिनों में कुल 15 लोगों की मौत के मामले सामने आए हैं, जिनमें से 11 मौतें जहरीली शराब से जुड़ी बताई जा रही हैं। घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में हेल्थ कैंप लगाकर लोगों की जांच शुरू कर दी है।
मामला पिंपरी-चिंचवड और हडपसर इलाके का है, जहां शराब पीने के बाद लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। कई लोगों के मुंह से झाग निकलने लगा, जबकि कुछ लोग बेहोश होकर गिर पड़े। कुछ मामलों में हार्ट अटैक की भी बात सामने आई है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फुगेवाड़ी इलाके में 6 और हडपसर में 5 लोगों की मौत कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई है। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल बताए जा रहे हैं।
इस मामले में राज्य उत्पाद शुल्क विभाग ने योगेश वानखेड़े को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर किया, जिसके बाद उससे पूछताछ शुरू की गई। जांच में सामने आया है कि उसने पिंपरी और हडपसर इलाके में केमिकल मिली शराब की सप्लाई की थी।
पुलिस के अनुसार योगेश वानखेड़े के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अधिकारियों का कहना है कि जहरीली शराब सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
मृतकों में विजय प्रकाश राठौड़, राजेंद्र प्रकाश राठौड़, राजू राजपूत, अकबर पठान, बाबा शेख, आनंद देसाई, आनंद निकलजे, राहुल शरद क्षीरसागर, विजय भू कुरलाल शर्मा, अरुण दादर और अशोक रमेश चव्हाण के नाम सामने आए हैं। वहीं दो अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।