मेलबर्न। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) से बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया की मशहूर टी-20 क्रिकेट लीग बिग बैश लीग (BBL) का ओपनिंग मैच इस साल दिसंबर में भारत के तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित किया जाएगा।
यह पहली बार होगा जब कोई विदेशी क्रिकेट लीग भारत की धरती पर अपना मुकाबला खेलेगी। इस आयोजन को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ते खेल सहयोग और स्पोर्ट्स डिप्लोमेसी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
MCG में हुई खेल सहयोग पर चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार सुबह दुनिया के ऐतिहासिक क्रिकेट मैदानों में शामिल मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पहुंचे। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे।
PM मोदी ने MCG में ऑस्ट्रेलिया के इंटरनेशनल मैस्कॉट ‘रूबी द रू’ (Ruby the Roo) से भी मुलाकात की। कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
चेन्नई में होगा BBL का ऐतिहासिक आयोजन
PM मोदी ने कहा कि दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया की विश्व प्रसिद्ध टी-20 लीग बिग बैश लीग का आयोजन चेन्नई में किया जाएगा। यह आयोजन भारत में होने वाले सप्ताहभर के ‘जी-डे नमस्ते’ समारोह का प्रमुख आकर्षण होगा।
इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई संस्कृति, खेल, व्यापार और दोनों देशों के बीच सहयोग से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
2032 और 2036 ओलंपिक को लेकर भी चर्चा
MCG कार्यक्रम के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया ने वैश्विक खेल आयोजनों को लेकर सहयोग बढ़ाने पर भी बातचीत की। इसमें 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक और भारत की 2036 ओलंपिक मेजबानी की दावेदारी जैसे मुद्दे शामिल रहे।
‘क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, साझा जुनून है’
MCG पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस ऐतिहासिक मैदान पर आने वाले हर भारतीय के मन में दो भावनाएं आती हैं—एक भारत-ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट मुकाबले का रोमांच और दूसरा यह एहसास कि क्रिकेट केवल खेल नहीं बल्कि दोनों देशों को जोड़ने वाला साझा जुनून है।
इस अवसर पर PM मोदी ने मैदान पर मौजूद युवा क्रिकेटरों से मुलाकात की और खिलाड़ियों की जर्सी पर ऑटोग्राफ भी दिए।
बिग बैश लीग का भारत में आयोजन भारत-ऑस्ट्रेलिया के खेल संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।