नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री आवास पर हुए इस कार्यक्रम में भारतीय दल के मेडलिस्ट शामिल हुए। पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा।” उन्होंने खिलाड़ियों से देश का हौसला बढ़ाते रहने का आह्वान किया। इसके बाद प्रधानमंत्री और खिलाड़ियों ने मिलकर ‘भारत माता की जय’ का नारा भी लगाया।
साक्षी चौधरी ने होस्ट की रील
प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ मुलाकात की झलक दिखाती एक रील भी इंस्टाग्राम पर साझा की। इस वीडियो में कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय बॉक्सर साक्षी चौधरी वीडियो को होस्ट करती नजर आईं। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी जताया।
भारत ने जीते 39 पदक
ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने कुल 39 पदक हासिल किए, जिसमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल रहे। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
बॉक्सिंग और एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन
भारतीय खिलाड़ियों ने कई खेलों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बॉक्सिंग में भारत ने 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण और 3 रजत शामिल रहे। एथलेटिक्स में भी भारतीय खिलाड़ियों ने 10 पदक हासिल किए।
वेटलिफ्टिंग में भारत को 8, पैरा एथलेटिक्स में 6 और जूडो में 4 पदक मिले, जबकि पैरा पावरलिफ्टिंग में एक पदक हासिल हुआ। जूडो में भारत ने पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर खास उपलब्धि दर्ज की।
कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन के बाद अब भारतीय खिलाड़ियों की नजरें आगामी एशियन गेम्स पर हैं, जहां वे इस सफलता को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे।