नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए फिलीपींस की राजधानी मनीला रवाना हो गए। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री क्षेत्रीय सहयोग, आर्थिक साझेदारी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अन्य देशों के नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।
मनीला रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बयान में कहा कि आसियान देश भारत की एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में हैं और भारत के महासागर विजन यानी MAHASAGAR में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत और आसियान देशों के संबंध सदियों पुराने सभ्यतागत संपर्कों पर आधारित हैं, जो समय के साथ व्यापार, संपर्क, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में मजबूत साझेदारी के रूप में विकसित हुए हैं।
आसियान के साथ रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी नई गति
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वह सदस्य देशों के नेताओं के साथ मिलकर व्यापक रणनीतिक साझेदारी (Comprehensive Strategic Partnership) की प्रगति को आगे बढ़ाने और साझा विकास के लक्ष्यों को नई गति देने पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत और आसियान देशों के बीच आर्थिक विकास, कनेक्टिविटी और समृद्धि को बढ़ावा देने की व्यापक संभावनाएं हैं। इस यात्रा से दोनों पक्षों के बीच सहयोग के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता पर होगी चर्चा
21वां पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण मंच होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस सम्मेलन में विभिन्न देशों के नेताओं के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत बनाने के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
भारत का मानना है कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थायी शांति और समृद्धि के लिए सभी देशों के बीच सहयोग और संवाद आवश्यक है।
फिलीपींस में भारतीय समुदाय से भी करेंगे मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान फिलीपींस में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि फिलीपींस में भारतीय समुदाय का योगदान दोनों देशों के बीच मित्रता और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि उनकी यह यात्रा भारत और आसियान के बीच साझेदारी को नई ऊर्जा प्रदान करेगी तथा शांतिपूर्ण, समृद्ध और मजबूत हिंद-प्रशांत क्षेत्र के सामूहिक संकल्प को और सुदृढ़ बनाएगी।
गौरतलब है कि फिलीपींस वर्ष 2026 में आसियान की अध्यक्षता कर रहा है। 17 नवंबर को मनीला में आयोजित होने वाले दोनों शिखर सम्मेलनों में भारत सहित क्षेत्र के कई देशों के नेता हिस्सा लेंगे।