नई दिल्ली। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप से हुई तबाही पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने वेनेजुएला सरकार और वहां के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वेनेजुएला में आए भयानक भूकंप से हुई तबाही से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि भारत के लोग इस मुश्किल समय में वेनेजुएला के साथ खड़े हैं और प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं।
उन्होंने भूकंप में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी ने कहा कि भारत जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि वेनेजुएला में बुधवार को 45 सेकंड के अंदर 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिससे भारी तबाही मची। कई इमारतें ढह गईं और राजधानी कराकस समेत कई इलाकों में नुकसान हुआ।
कराकस में कई घर और इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, वहीं एयरपोर्ट की छत का कुछ हिस्सा भी गिर गया। भूकंप के बाद लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए।
अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने इस भूकंप में बड़े पैमाने पर जनहानि की आशंका जताई है। रिपोर्ट के अनुसार, 10 हजार से ज्यादा मौतों की संभावना बताई गई है, हालांकि वेनेजुएला सरकार ने अभी आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं।
बताया जा रहा है कि यह वेनेजुएला में पिछले 126 सालों में आया सबसे बड़ा भूकंप है। इससे पहले साल 1900 में 7.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।
फिलहाल वेनेजुएला में राहत और बचाव अभियान जारी है। सरकार ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है और प्रभावित इलाकों में मदद पहुंचाई जा रही है।