रायपुर में नशामुक्ति का संकल्प, राज्यपाल और मुख्यमंत्री की मौजूदगी में अभियान का शुभारंभ

रायपुर |  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत राजधानी रायपुर के लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में युवाओं, छात्र-छात्राओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं का नशामुक्त रहना और अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करना आवश्यक है।

रायपुर के लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं ने देखा। इसके बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री की मौजूदगी में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

100 सप्ताह तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम

यह अभियान 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर अगले 100 सप्ताह तक देशभर में संचालित किया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन और अन्य संस्थाओं के सहयोग से जागरूकता रैलियां, शपथ कार्यक्रम, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सरकार का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *