नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में गुरुवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। लोगों के मोबाइल फोन पर आपातकालीन चेतावनी संदेश पहुंचा, जिसमें अगले कुछ घंटों के दौरान बेहद खराब मौसम की आशंका जताई गई। मौसम विभाग ने ‘अत्यंत गंभीर अलर्ट’ जारी करते हुए तेज आंधी, बिजली गिरने, भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई।
मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने का खतरा बताया गया है।
गुरुग्राम और दिल्ली के कई इलाकों में बदला मौसम
अलर्ट जारी होने के बाद गुरुग्राम और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने लगीं और हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम में बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, कमजोर संरचनाओं और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
फिर जारी हुई गंभीर चेतावनी
पहले अलर्ट के करीब दो घंटे बाद मौसम विभाग ने दोबारा चेतावनी जारी की। इसमें अगले 3 घंटों में तेज तूफान, बिजली कड़कने, मध्यम से भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई।
तापमान में आई गिरावट
दिल्ली में तेज हवाओं और बादलों की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक 14 जून से 16 जून तक राजधानी में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है।
मोबाइल पर कैसे पहुंचा अलर्ट?
दिल्ली-NCR में भेजा गया यह संदेश ‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम’ के जरिए लोगों तक पहुंचा। इस प्रणाली का उद्देश्य आपदा, खराब मौसम और आपात स्थिति में लोगों को तुरंत चेतावनी देना है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।