जगदलपुर । पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर स्थित अमर शहीद वाटिका में वीर शहीद पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उनके साहस और बलिदान ने छत्तीसगढ़ में शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान और उनके परिवारों का त्याग पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है।
शहीदों का बलिदान सदैव रहेगा याद
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पुलिस के जवान विषम परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। देश और समाज की सुरक्षा, शांति की स्थापना तथा कानून का शासन बनाए रखने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि शहीद जवानों का अदम्य साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश और समाज की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
शहीद परिवारों के प्रति संवेदनशीलता जरूरी
वन मंत्री ने कहा कि किसी परिवार के लिए अपने प्रियजन को खोने का दुख अपूरणीय होता है। इसके बावजूद शहीद जवानों के परिजनों का धैर्य, साहस और राष्ट्र के प्रति सम्मान समाज को प्रेरणा देता है। शहीदों की स्मृतियों को संजोना और उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करना है। वीर जवानों की शहादत हमें हमेशा साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी।
जनप्रतिनिधियों ने भी किया नमन
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर नगर पालिक निगम के महापौर संजय पाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने शहीद जवानों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।