कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी, स्वास्थ्य विभाग जांच में जुटा

कवर्धा। जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में सोमवार को अचानक कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद करीब 10 से 15 छात्राओं के बीमार होने की जानकारी सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही छात्रावास प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी बीमार छात्राओं को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद चार छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया रेफर कर भर्ती कराया है। वहीं, अन्य छात्राओं का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच में जुटा स्वास्थ्य विभाग

प्रारंभिक जांच में छात्राओं की तबीयत खराब होने का कारण फूड पॉइजनिंग माना जा रहा है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्रावास पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही छात्राओं को दिए गए भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है।

सभी छात्राओं की हालत सामान्य

चिकित्सकों के अनुसार सभी बीमार छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य है। किसी भी छात्रा की स्थिति गंभीर नहीं बताई जा रही है। छात्रावास में रह रही बच्चियों की लगातार निगरानी की जा रही है।

घटना के बाद छात्राओं के अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है और स्वास्थ्य टीम द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *