भाजपा मण्डल कुनकुरी की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, 2024 के विधानसभा चुनाव का दिया गया प्रभार: ओपी चौधरी

जशपुर की धरती भाजपा के माथे की शान है, आप सब स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की टीम है, उनके द्वारा दिखाये गये मार्गो पर चलना ही क्षेत्र में भाजपा की जीत है।

जशपुरनगर. भारतीय जनता पार्टी मण्डल कुनकुरी की संगठनात्मक बैठक गुरूवार को स्थानीय मंगल भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कुनकुरी मण्डल के बुथ अध्यक्ष, शक्ति केन्द्र प्रभारी, मण्डल के पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं को इस चुनावी वर्ष में विशेष कार्य करने हेतु दिशा निर्देश दिये गये।

इस संगठनात्मक बैठक हेतु विशेष रूप से प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी पहूंचे। बैठक में सांसद गोमती साय, जिला प्रभारी रामकिशुन सिंह, रोहित साय पूर्व जिलाध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी राजकुमार गुप्ता, महामंत्री भरत सिंह, उपेन्द्र यादव, सुनील अग्रवाल, मण्डल अध्यक्ष श्रीनायक मिश्रा, अब्राहम तिर्की, मुनेश्वर केशर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ममता कश्यप उपस्थित रहे।

जशपुर जिले के सभी 20 मण्डलों पर कार्यकर्ता व पदाधिकारियों की बैठक लेने पहूंचे प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने कुनकुरी मण्डल में संबोधित करते हुए कहा कि जशपुर की धरती भाजपा के माथे की शान है। आप सब स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की टीम है, उनके द्वारा दिखाये गये मार्गो पर चलना ही क्षेत्र में भाजपा की जीत है। आगे उन्होने कहा कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार के संरक्षण में धर्मांतरण का खुल्ला खेल चल रहा है। प्रदेश सरकार पर अनेक प्रकार के भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए आगामी चुनाव में इस सरकार को उखाड़ फेकने की अपील की।

सांसद गोमती साय ने कहा कि अब हम चुनावी मोड पर आ गये है। 2024 के चुनाव को लक्ष्य बनाना है और उसे साधना है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा चलाये जा रहे योजनाओं में किये गये भ्रष्टाचार को जन- जन तक पहूंचाकर लोगो को जागरूक करना है। केन्द्र सरकार की योजनाओं को प्रदेश सरकार द्वारा आमजनों तक नही पहूंचने देने को भी लोगो तक जानकारी पहूंचाये। प्रधानमंत्री आवास, बिजली बिल, चावल आदि मुद्दो की जानकारी कार्यकर्ताओं की दी गई।

जिला प्रभारी रामकिशुन सिंह द्वारा प्रदेश स्तर से प्रभारियों को दिये गये कार्यो को जमीनी स्तर पर कार्य करने एवं कार्य का प्रचार प्रसार किस स्तर तक किया गया है जानकारी दी। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं गौठान योजना की जमीनी स्थिति से आमजनों को अवगत कराने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया। चुनावी वर्ष है सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को समन निकालकर काफी प्रयास करना है। बैठक के प्रारंभ में जिलाध्यक्ष द्वारा मण्डल स्तर पर प्रभारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा किये गये कार्यो की समीक्षा भी की गई। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार गुप्ता द्वारा किया गया। जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा मुनेश्वर केशर के आभार प्रदर्शन के साथ बैठक का समापन किया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *