एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रशिक्षण आयोजित

रायपुर |आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के निर्देशानुसार प्रदेश में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया हेतु प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

यह प्रशिक्षण गुरूवार, 07 मई को आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, नवा रायपुर के सभाकक्ष में संपन्न हुआ। इसमें प्रदेश के सभी 26 जिलों के 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के प्राचार्य, प्रवेश प्रभारी शिक्षक और जिला कार्यालयों के प्रभारी लिपिकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया के विभिन्न चरणों का विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विद्यालय भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय और राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति की प्रवर्तित योजना के अंतर्गत आदिम जाति विकास विभाग द्वारा संचालित किए जा रहे हैं।

प्रदेश में वर्तमान में 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 10 कन्या, 6 बालक और 59 संयुक्त विद्यालय शामिल हैं। कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु राज्य स्तरीय चयन परीक्षा 01 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें 38,969 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा का परिणाम 10 अप्रैल 2026 को घोषित किया गया था।

प्रशिक्षण के दौरान विभागीय पोर्टल में ऑनलाइन काउंसलिंग की कार्यवाही का डेमो भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर अपर संचालक श्री जितेंद्र गुप्ता, उपायुक्त श्री के. विश्वनाथ रेड्डी और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राचार्यों और प्रवेश प्रभारी अधिकारियों को ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया से परिचित कराना और विद्यार्थियों के प्रवेश को सहज और प्रभावी बनाना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *