नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित मीडिया संवाद में सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का नेतृत्व देश के लिए विश्वास और स्थिरता का प्रतीक बन चुका है।
“12 वर्षों में देश ने देखी तेज विकास यात्रा”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सामाजिक सशक्तिकरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, उड़ान योजना, आत्मनिर्भर भारत और मेट्रो विस्तार जैसी योजनाओं ने देश की विकास गति को नई दिशा दी है।
जनकल्याणकारी योजनाओं पर जोर
रेखा गुप्ता ने कहा कि जनधन योजना, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना और आवास योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों तक सीधे लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने महिलाओं, किसानों, युवाओं और छोटे उद्यमियों के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाई है।
दिल्ली के विकास पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली में बुनियादी ढांचे, परिवहन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने अमृत 2.0, स्वच्छ भारत मिशन, मेट्रो विस्तार, एक्सप्रेसवे परियोजनाओं और नमो भारत कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि राजधानी का स्वरूप तेजी से बदल रहा है।
भविष्य पर भरोसा
उन्होंने कहा कि स्पष्ट नेतृत्व और जनहितकारी नीतियों के चलते देश की विकास यात्रा आगे भी तेज गति से जारी रहेगी और भारत वैश्विक मंच पर और मजबूत स्थिति में उभरेगा।