नुसरत भरूचा बाली में घायल, एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया

मुंबई | बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा के बाली में घायल होने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक दुर्घटना में उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट लगी, जिसके बाद उन्हें कुछ समय तक इंडोनेशिया में मेडिकल निगरानी में रखा गया।

अब नुसरत को एयर एम्बुलेंस के जरिए मुंबई लाया गया है। सामने आए वीडियो में अभिनेत्री स्ट्रेचर पर अस्पताल के कपड़ों में नजर आ रही हैं। उनके हाथ में IV ड्रिप और नाक में मेडिकल ट्यूब लगी दिखाई दे रही है।

मुंबई में होगा इलाज

रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई पहुंचने के बाद नुसरत का इलाज किया जाएगा और डॉक्टर उनकी रीढ़ की चोट का आकलन करने के बाद सर्जरी को लेकर फैसला करेंगे। उनकी टीम ने भी चोट की पुष्टि की है, हालांकि हादसा किस तरह हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि नुसरत बाली में काम के साथ छुट्टी बिताने भी गई थीं।

टाइगर श्रॉफ के साथ आएंगी नजर

वर्कफ्रंट की बात करें तो नुसरत भरूचा जल्द ही टाइगर श्रॉफ के साथ एक फिल्म में नजर आएंगी। यह दोनों कलाकारों का पहला ऑन-स्क्रीन प्रोजेक्ट बताया जा रहा है। नुसरत इससे पहले ड्रीम गर्ल, छोरी, प्यार का पंचनामा और सोनू के टीटू की स्वीटी जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *