नई दिल्ली | क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Instamart और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने मिलकर देश में पहली बार ऑन-डिमांड LPG सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। इस नई सुविधा के तहत अब ग्राहकों को गैस सिलेंडर मंगाने के लिए पहले से घरेलू LPG कनेक्शन होना जरूरी नहीं होगा।
फिलहाल इस सेवा की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर बेंगलुरु से की गई है। ग्राहक Instamart ऐप के जरिए कुछ ही मिनटों में LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।
बिना कनेक्शन भी मिलेगा सिलेंडर
नई व्यवस्था के तहत ग्राहक पहला ऑर्डर नए LPG सिलेंडर की खरीद के रूप में कर सकेंगे। इसके बाद रिफिल के लिए खाली सिलेंडर वापस करना होगा। इस सेवा का उद्देश्य उन लोगों तक भी LPG की आसान पहुंच सुनिश्चित करना है, जिनके पास पारंपरिक घरेलू गैस कनेक्शन नहीं है।
HP Navya सिलेंडर भी हुआ लॉन्च
इस साझेदारी के साथ HPCL ने अपना नया HP Navya कम्पोजिट LPG सिलेंडर भी लॉन्च किया है। यह 10 किलोग्राम क्षमता वाला अगली पीढ़ी का सिलेंडर है, जिसे हल्का और अधिक सुरक्षित बताया गया है।
बेंगलुरु में ग्राहक HP Navya के अलावा HPCL के 5 किलोग्राम मेटल LPG सिलेंडर का भी ऑर्डर Instamart ऐप के जरिए कर सकेंगे।
कंपनियों ने क्या कहा
Instamart के CEO अमितेश झा ने कहा कि कंपनी किराना और रोजमर्रा की जरूरतों से आगे बढ़ते हुए ग्राहकों के लिए नई सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
वहीं, HPCL के मार्केटिंग डायरेक्टर अमित गर्ग ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य LPG को अधिक सुलभ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सेवा का लाभ उठा सकें।
यदि यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार देश के अन्य शहरों में भी किया जा सकता है।