बिलासपुर। आनलाइन जालसाजी के मामलों में ठग अलग-अलग बहानों से लोगों की कमाई लूट रहे हैं। अब जालसाजों ने मोबाइल सिम को 5जी में अपग्रेट करने के नाम पर ठगी का जाल फैलाना शुरू किया है। हालांकि जिले में इस तरह का मामला सामने नहीं आया है। दूसरे राज्यों में इस तरह के मामले सामने आने के बाद पुलिस ने लोगों को आगाह करना शुरू कर दिया है।
फोन पर इनाम का लालच देकर धोखाधड़ी के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। वहीं, एटीएम रिनिवल, केवाइसी के नाम पर भी लोगों को झांसा देकर उनकी कमाई को लूटा जा रहा है। ऐसे मामलों में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा है। इसके बावजूद जानकारी के अभाव में लोग धोखाधड़ी के शिकार हो रहे हैं। पुलिस की ओर से लोगों को धोखाधड़ी से बचाने कई जागरूता कार्यक्रम भी आयोजित कराए गए। इसके बाद भी लोग धोखाधड़ी का शिकार हो रहे हैं। देश में 5जी मोबाइल सेवा शुरू होने के बाद इसके नाम ठगी के मामले सामने आने लगे हैं। हालांकि जिले में इस तरह की शिकायत नहीं मिली है। इसके बावजूद पुलिस की ओर से लोगों को सचेत किया जा रहा है।