किरंदुल. एनएमडीसी किरंदुल परियोजना को अपेक्स इण्डिया फाउंडेशन के द्वारा मेटल एवं माइनिंग श्रेणी में एकीकृत ग्रामीण विकास कार्यक्रम अंतर्गत ‘‘अपेक्स इण्डिया सीएसआर एक्सीलेन्ट आवार्ड, 2021 – प्लेटिनियम आवार्ड‘‘ प्राप्त हुआ है। यह पुरस्कार राजस्थान सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री शकुन्तला रावत, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलदेव भाई जी प्रजापति एवं भारत सरकार के कृषि सलाहकार संचिता जिंदल के करकमलों से जयपुर के एक भव्य समारोह में किरंदुल परियोजना के सहायक महाप्रबंधक (सीएसआर) जितेन्द्र कुमार द्वारा ग्रहण किया गया। यह पुरस्कार एनएमडीसी किरन्दुल काॅम्प्लेक्स के द्वारा सीएसआर के क्षेत्र में किये जाने वाले उत्कृष्ट कार्यों के लिये प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि पर उप महाप्रबंधक (कार्मिक) बी के माधव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक कार्यों और परियोजना के आसपास के क्षेत्रों के लिए प्रतिबद्ध एनएमडीसी एवं किरंदुल परियोजना के लिए यह गौरव की बात है। यह पुरस्कार उन्होंने किरंदुल परियोजना के अधिशासी निदेशक आर.गोविंदराजन को सौंपा।