रायगढ़ | रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन क्षेत्र में शनिवार तड़के एक जंगली हाथी के बस्ती में घुस आने से अफरा-तफरी मच गई। कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव में हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी दुधमुंही बच्ची सुरक्षित बच गई।
मृतका की पहचान तालगांव निवासी शकुंतला बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 4 बजे हाथी बस्ती में घुस आया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से निकलकर इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान भाग रही शकुंतला बाई पर हाथी ने हमला कर दिया। घटना के समय उनकी दुधमुंही बच्ची भी उनके साथ थी।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल महिला को तत्काल कापू अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हाथी ने मौके पर पहुंची वन विभाग की गाड़ी पर भी हमला करने की कोशिश की, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद वन अमले ने हाथी को बस्ती से बाहर खदेड़ने में सफलता हासिल की।
वन विभाग ने मृतका के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने और हाथी की गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।
धरमजयगढ़ वन क्षेत्र हाथियों की आवाजाही के लिए संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में वन विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।