महाराष्ट्र के नए राज्यपाल रमेश बैस ने मराठी भाषा में ली शपथ

मुंबई। रायपुर से सात बार सांसद रहे रमेश बैस महाराष्ट्र के 22वें राज्यपाल बन गए हैं। शनिवार को उन्होंने मुंबई के राजभवन में आयोजित समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ ली। बॉम्बे उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एसवी गंगापुरवाला ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई है। उन्होंने मराठी भाषा में शपथ ली। इस शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही रमेश बैस ने महाराष्ट्र जैसे बड़े प्रदेश के राज्यपाल की जिम्मेदारी पूरी तरह से संभाल ली है। शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए उन्हें अभिभावक बताया। इससे पहले रमेश बैस को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित वहां के राजनेताओं ने रांची से विदा किया था।

झारखंड पुलिस ने रांची हवाई अड्‌डे पर बैस को गार्ड ऑफ ऑनर दिया था। रांची से विदा होकर रमेश बैस चार्टर्ड विमान से रायपुर पहुंचे। रायपुर से वे मुंबई पहुंचे हैं। यहां गार्ड ऑफ ऑनर से उनका स्वागत हुआ। शनिवार दोपहर उन्होंने राजभवन में शपथ ग्रहण के साथ अपनी जिम्मेदारी संभाल ली। रमेश बैस को पिछले दिनों महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। इससे पहले वे झारखंड के राज्यपाल थे। बैस के शपथ ग्रहण समारोह में रायपुर से भी बहुत से भाजपा नेता मुंबई पहुंचे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *