मशहूर पंजाबी और हिंदी सिंगर नेहा कक्कड़ अपने गानों के अलावा निजी जिंदगी को लेकर भी खूब सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही में वह पति रोहनप्रीत सिंह के साथ जापान ट्रिप पर गई थीं, लेकिन सोमवार को वह वापस इंडिया आ गई हैं। इस दौरान नेहा कक्कड़ और रोहनप्रीत सिंह एक दम अलग तरह के लुक में नजर आए, जिसको देखने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कपल को ट्रोल कर दिया है।
नेहा कक्कड़ और रोहनप्रीत सिंह के जापान से इंडिया वापस आने का एक वीडियो सिलेब्रिटी फोटोग्राफर विरल भियानी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इस वीडियो में नेहा कक्कड़ व्हाइट कलर की टी-शर्ट और ब्लैक ट्राउजर में दिखाई दीं। उन्होंने सिर पर हैट पहनी हुई थी और ब्लैक कलर का फेस मास्क भी लगाया हुआ था। वहीं रोहनप्रीत सिंह ने ब्लैक टी-शर्ट और पैंट पहनी हुई थी। उन्होंने ने भी मास्क और हैट लगाई हुई थी। इस दौरान रोहनप्रीत सिंह ने एक बुक भी अपने हाथ में ली हुई थी।
नेहा कक्कड़ ने पैपराजी को पोज देते हुए पति के साथ तस्वीरें क्लिक करवाई और जापानी अंदाज में सभी को अभिवादन किया। लेकिन कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी ड्रेस और लुक को देखकर ट्रोल कर दिया है। rahul_balak नाम के यूजर ने नेहा कक्कड़ और रोहनप्रीत सिंह की वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘ओवर एक्टिंग वाले टॉम एंड जेरी।’ akkii_sam ने लिखा, ‘जैपनिस बन गए दोनों।’