केन्द्रीय विद्यालय बीजापुर में राष्ट्रीय खेल दिवस का उत्साह, विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में दिखाया दमखम

बीजापुर । केन्द्रीय विद्यालय बीजापुर में राष्ट्रीय खेल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। यह आयोजन महान हॉकी खिलाड़ी एवं भारत के महानतम खिलाड़ियों में शामिल मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री दशरथ ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों को खेलों के महत्व, नियमित शारीरिक गतिविधियों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

विद्यालय के खेल शिक्षक श्री आनंद कुमार कुशवाहा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलकूद गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, डोजबॉल सहित प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए रीक्रिएशन गेम्स आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता रही। खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और खेल भावना के महत्व का संदेश दिया गया।

खेल शिक्षा का अभिन्न अंग : प्राचार्य

प्राचार्य श्री दशरथ ने अपने संबोधन में कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। नियमित खेलकूद से विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी हुए प्रोत्साहित

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के खेल शिक्षक, सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *