रायपुर। दिव्यांगजनों के अधिकारों, सशक्तिकरण और समावेशी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान पाने का अवसर है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार ने विश्व दिव्यांग दिवस (3 दिसंबर 2026) के अवसर पर दिए जाने वाले राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
समाज कल्याण विभाग ने राज्य के पात्र व्यक्तियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, नियोक्ताओं और दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्यरत संगठनों से 31 जुलाई 2026 तक आवेदन करने की अपील की है। इच्छुक आवेदक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन क्षेत्रों में मिलेगा सम्मान
राष्ट्रीय पुरस्कारों के तहत दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पुनर्वास सेवाएं, कौशल विकास, रोजगार सृजन, सुगम्यता (एक्सेसिबिलिटी), अनुसंधान एवं नवाचार, खेल, कला, साहित्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
समावेशी समाज निर्माण को मिलेगा बढ़ावा
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, इन पुरस्कारों का उद्देश्य दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले नवाचारों और प्रेरणादायी कार्यों को राष्ट्रीय पहचान देना है। साथ ही दिव्यांग अधिकारों, समान अवसरों और समावेशी विकास के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
विभाग ने सभी पात्र आवेदकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील करते हुए कहा है कि अधिक से अधिक योग्य व्यक्ति और संस्थाएं इस अवसर का लाभ उठाकर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करें।