तिल्दा-नेवरा। ग्राम पंचायत ओटगन में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला 10 नवंबर को संपन्न हुआ। फाइनल में ग्राम पंचायत नकटी की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं ग्राम पंचायत सरोरा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त कर उपविजेता का खिताब हासिल किया।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में युवाओं के मार्गदर्शक मधुसूदन धर दीवान, संजय धर दीवान (पूर्व सरपंच प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत ओटगन), जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-6 के सभापति प्रतिनिधि महेंद्र साहू तथा भाजयुमो जिला सोशल मीडिया प्रभारी एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि पंकज यदु विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पंकज यदु ने खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह आपसी भाईचारे, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का प्रतीक है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं में खेल के प्रति रुचि और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
उन्होंने विजेता टीम नकटी को जीत की बधाई दी तथा उपविजेता सरोरा की टीम के प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना की।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समिति में देवानंद ध्रुव, ललित मिर्जा, शशि सिन्हा, पप्पू साहू, ओमप्रकाश ध्रुव, राकेश श्रीवास, सियाराम साहू, तोरण राव एवं दिनेश मिर्जा सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, खेलप्रेमी एवं स्थानीय युवा उपस्थित रहे। अंत में आयोजन समिति ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों, खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।
प्रतियोगिता ने ग्रामीण युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ आपसी एकता और भाईचारे का संदेश दिया।