मुंगेली। जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में हो रही देरी के मद्देनजर कलेक्टर कुंदन कुमार ने सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है। जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कार्य में लापरवाही पाए जाने पर तीनों एसडीएम, सभी तहसीलदार, एएसएलआर और एसएलआर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी और लंबित प्रकरणों का निराकरण तय समय-सीमा, यानी एक सप्ताह के भीतर किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग सीधे आम जनता से जुड़ा हुआ है, इसलिए नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक में अनुविभागवार विवादित और अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन प्रकरणों की समीक्षा की गई। कई मामलों में धीमी प्रगति पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने की चेतावनी दी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और तय समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई। अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पांडे तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव और राजस्व विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।