मुंबई हादसा: चॉल का हिस्सा गिरा, राहत-बचाव अभियान जारी, 6 की मौत

मुंबई । मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मानखुर्द इलाके में स्थित एक तीन मंजिला चॉल का हिस्सा अचानक ढह गया, जिसमें कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा जनता नगर स्थित हनुमान मंदिर के पीछे चॉल नंबर-5 में रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। भारी बारिश के दौरान ग्राउंड प्लस तीन मंजिला संरचना की कुछ झोपड़ीनुमा इकाइयां अचानक ढह गईं।

मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, बीएमसी (BMC) वार्ड स्टाफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, चार महिलाओं और दो पुरुषों को अलग-अलग अस्पतालों में मृत अवस्था में लाया गया। वहीं एक घायल व्यक्ति का इलाज राजावाड़ी अस्पताल में जारी है। कुछ लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

भारी बारिश से बिगड़े हालात

मुंबई में पिछले 24 घंटे से जारी भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई इलाकों में 200 से 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और कमजोर संरचनाओं पर खतरा बढ़ गया है।

पहले से खतरनाक घोषित थीं कई इमारतें

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, बीएमसी हर साल खतरनाक इमारतों का सर्वे कर नोटिस जारी करती है, लेकिन इसके बावजूद कई जर्जर इमारतों में लोग रहने को मजबूर हैं। हादसे के बाद इलाके को घेर लिया गया है और जांच जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *