मानसून का रौद्र रूप: असम में मौतों का आंकड़ा बढ़ा, गुजरात-महाराष्ट्र में जलभराव से जनजीवन प्रभावित

नई दिल्ली। देशभर में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। असम से लेकर गुजरात और महाराष्ट्र तक बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

असम में बारिश और बाढ़ का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। राज्य में अब तक 82 लोगों की मौत हो चुकी है। शिवसागर, गोलाघाट, जोरहाट, नगांव और चराइदेव जिलों में करीब 2 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कई गांव जलमग्न हैं और लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। राज्य में 54 राहत शिविर और 26 राहत वितरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।

गुजरात में कई जिलों में जलभराव

गुजरात में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के बाद कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सूरत में करीब 24 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि कई अन्य क्षेत्रों में भी भारी वर्षा हुई। खेड़ा जिले के वसो क्षेत्र में मुख्य बाजार और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

महाराष्ट्र में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। पुणे जिले में इस मानसून सीजन में सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई है। नंदुरबार जिले में भारी बारिश की चेतावनी के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है और स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है।

उजनी और वीर बांध से पानी छोड़े जाने के बाद भीमा और चंद्रभागा नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। पंढरपुर क्षेत्र में कई मंदिरों के आसपास पानी भरने की स्थिति बनी हुई है।

पहाड़ी राज्यों में बादल फटने और लैंडस्लाइड का खतरा

जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के बीच ऊपरी इलाकों में बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के कई गांव अचानक आई बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताते हुए फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और मडस्लाइड को लेकर अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है।

IMD ने जारी किए अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, कर्नाटक और केरल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और बिहार समेत कई राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और नदी-नालों व संवेदनशील इलाकों से दूरी बनाए रखें। राहत और बचाव एजेंसियां लगातार प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और सहायता कार्यों में जुटी हुई हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *