रायपुर| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की समर्पित सेवा के अवसर पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत छत्तीसगढ़ के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत धनौली पहुंचकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से आत्मीय संवाद किया और उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों का जायजा लिया।
पीएम जनमन आवास और ‘लखपति दीदी’ की सफलता
मंत्री श्री अग्रवाल ने दौरे की शुरुआत ‘पीएम जनमन आवास योजना’ के हितग्राही श्री कार्तिक राम बैगा और श्री धीरपाल सिंह बैगा के नवनिर्मित आवासों का अवलोकन करके की। उन्होंने परिवारों से बातचीत कर पक्का मकान मिलने के बाद उनके जीवनस्तर में आए बदलावों की जानकारी ली।
संवाद के दौरान मंत्री ने धीरपाल सिंह बैगा की पत्नी श्रीमती भानुकला बैगा की सफलता की कहानी भी जानी। श्रीमती भानुकला ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के महिला स्वसहायता समूह से जुड़ी हैं और बकरी पालन जैसी आजीविका गतिविधियों के माध्यम से अपनी आय बढ़ाकर ‘लखपति दीदी’ बनने में सफल हुई हैं। मंत्री ने उनकी इस उपलब्धि की सराहना करते हुए अन्य महिलाओं को भी इससे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
आयुष्मान योजना के लाभ और ग्रामीणों का आतिथ्य
जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को परखते हुए मंत्री श्री अग्रवाल ने ‘आयुष्मान भारत योजना’ के हितग्राही श्री नेमचंद गुर्जर से मुलाकात की। श्री गुर्जर ने बताया कि उन्होंने आयुष्मान कार्ड के जरिए अपने उपचार का लाभ उठाया है और रेबीज का टीकाकरण भी कराया है।
मुलाकात के दौरान गुर्जर परिवार ने मंत्री का अनूठा स्वागत करते हुए उन्हें गरमा-गरम स्वादिष्ट भुट्टा खिलाया। ग्रामीण परिवार के इस सहज और आत्मीय आतिथ्य से अभिभूत होकर मंत्री ने उनका धन्यवाद किया।
सेवा और जनभागीदारी का संदेश
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।