रायपुर। राजेश अग्रवाल ने लखनपुर स्थित अपने निज निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों, महिलाओं और नागरिकों ने सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व प्रकरण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।
पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और तय समय सीमा में समाधान किया जाए।
जनदर्शन के दौरान मंत्री ने कहा कि Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। शासन की मंशा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में अधोसंरचना विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता दिखाई जाए। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है और इस विश्वास को बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।