रायपुर । महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के ओड़गी में आयोजित विकासखंड स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक में क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनपद पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मंत्री ने विभागवार योजनाओं, विकास कार्यों और हितग्राहीमूलक योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर योजनाओं और विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और लंबित कार्यों को गति देते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़ी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले। विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करें।
बैठक में क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष इन्द्रमणि पैकरा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।