रायपुर | प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने तथा बैंकिंग सेवाओं को प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने अपैक्स बैंक एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों तथा वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
नवा रायपुर स्थित मंत्री निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में किसानों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने, सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में सुधार और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
मंत्री श्री कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने सहकारी संस्थाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है सहकारिता: मंत्री कश्यप
सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सहकारी बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सभी बैंक अध्यक्षों, पदाधिकारियों और अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए सहकारी संस्थाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
बैठक में सहकारी बैंकों की सेवाओं को आधुनिक बनाने, डिजिटल माध्यमों के विस्तार और किसानों तक वित्तीय सुविधाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।