चिल्फी घाटी में फिर लगा भीषण जाम, NH-30 पर ट्रक से गिरी भारी मशीन ने रोकी रफ्तार

कवर्धा। जिले की चिल्फी घाटी में एक बार फिर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। घाटी के नाग मोड़ी के पास एक ट्रक से भारी-भरकम मशीन गिर जाने के कारण रायपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के मुताबिक, जबलपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक में फैक्ट्री की बड़ी मशीन ले जाई जा रही थी। इसी दौरान चिल्फी घाटी के नाग मोड़ी के पास अचानक मशीन ट्रक से नीचे गिरकर सड़क के बीचों-बीच आ गई। मशीन के सड़क पर गिरने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।

बताया जा रहा है कि पिछले 12 घंटे से अधिक समय से जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही चिल्फी पुलिस मौके पर पहुंची और मशीन को हटाने का काम शुरू किया। हालांकि मशीन का आकार और वजन अधिक होने के कारण यातायात बहाल करने में काफी समय लग रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चिल्फी घाटी में इस तरह की जाम की स्थिति पहले भी कई बार बन चुकी है। घाटी के कठिन मोड़ों और भारी वाहनों के कारण अक्सर यातायात बाधित होता है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और जल्द से जल्द मार्ग को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *