नई दिल्ली । देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया की लोकप्रिय सेडान कार डिजायर ने बिक्री के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कंपनी ने शनिवार को जानकारी दी कि डिजायर की कुल बिक्री 35 लाख इकाइयों के पार पहुंच गई है। इस उपलब्धि के साथ डिजायर देश की सबसे सफल सेडान कारों में शामिल हो गई है।
कंपनी के मुताबिक, मानेसर स्थित उत्पादन संयंत्र में बनने वाली डिजायर ने करीब 18 साल और नौ महीने में यह मुकाम हासिल किया है। इससे पहले मारुति सुजुकी की ऑल्टो, स्विफ्ट और वैगनआर भी 35 लाख से अधिक इकाइयों की बिक्री का आंकड़ा पार कर चुकी हैं।
डिजायर की लोकप्रियता के पीछे इसका आकर्षक डिजाइन, बेहतर माइलेज, आरामदायक सफर और ग्राहकों का भरोसा प्रमुख वजह माने जाते हैं। भारतीय बाजार में यह लंबे समय से ग्राहकों की पसंदीदा सेडान कारों में शामिल रही है।
कंपनी ने बताया कि डिजायर भारत की पहली ऐसी सेडान है, जिसने भारत एनसीएपी (Bharat NCAP) क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग हासिल की है। इससे कार की सुरक्षा को लेकर ग्राहकों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
इसके अलावा डिजायर भारतीय बाजार में सबसे ज्यादा बिकने वाले यात्री वाहनों में शामिल रही है। पिछले वित्त वर्ष में निर्यात के मोर्चे पर भी इस मॉडल का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।
मारुति सुजुकी की इस उपलब्धि को भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में कंपनी की मजबूत पकड़ और डिजायर की लंबे समय से बनी लोकप्रियता के तौर पर देखा जा रहा है। 35 लाख बिक्री का आंकड़ा पार करना इस मॉडल के प्रति भारतीय ग्राहकों के भरोसे को दर्शाता है।