दक्षिण अमेरिका में समुद्री हादसा, बच्चों समेत दर्जनों लोगों का रेस्क्यू , लापता यात्रियों की तलाश तेज

जॉर्जटाउन । दक्षिण अमेरिकी देश गुयाना में रविवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। यात्रियों और चालक दल के सदस्यों समेत 116 लोगों को लेकर जा रही एमवी बारिमा नौका समुद्र में पलट गई। हादसे के बाद अब तक 15 बच्चों सहित 67 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, यह यात्री नौका गुयाना की राजधानी जॉर्जटाउन से पोर्ट कैटुमा की ओर जा रही थी। नौका में चालक दल के 17 सदस्य भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि पोमेरून नदी के पास आयरन पंट क्षेत्र में देर रात अचानक नौका का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।

गुयाना के लोक निर्माण मंत्री जुआन एडघिल ने बताया कि स्थानीय समयानुसार रात करीब 11:01 बजे हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। हादसे के बाद नौका से डिस्ट्रेस कॉल भेजा गया था, जिसके आधार पर प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों के मुताबिक, नौका में सुरक्षा के लिए 250 लाइफ जैकेट, दो रिजिड लाइफ राफ्ट और छह इन्फ्लेटेबल लाइफ राफ्ट मौजूद थे। बचाव अभियान के साथ-साथ तटीय इलाकों में मेडिकल टीमों को भी तैनात किया गया है, जहां बचाए गए यात्रियों का इलाज किया जा रहा है।

फिलहाल प्रशासन ने हादसे में किसी की मौत की पुष्टि नहीं की है। हालांकि, कई यात्रियों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। समुद्री बचाव दल लगातार इलाके में तलाशी अभियान चला रहा है।

गुयाना के प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स ने कहा कि जब तक सभी यात्रियों की तलाश पूरी नहीं हो जाती, तब तक राहत और बचाव अभियान जारी रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं |

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *