मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार, 21 मौतों के बाद न्यायिक जांच के आदेश

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे ‘बी एंड बी’ होटल में हुए भीषण अग्निकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिनमें 11 विदेशी नागरिक और 10 भारतीय शामिल हैं।

यह हादसा 3 जून (बुधवार) सुबह करीब 9 बजे हुआ था, जब होटल के बेसमेंट में संचालित एक रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया और कई लोग बाहर नहीं निकल पाए।

गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

Delhi Police ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आग लगने की वजह लापरवाही थी या नियमों का उल्लंघन।

पूछताछ में सामने आए अहम खुलासे

पुलिस पूछताछ में लवकेश बजाज ने दावा किया है कि उन्होंने कारोबार विस्तार के लिए होटल में कमरों की संख्या बढ़ाई थी, लेकिन वे सीधे संचालन की निगरानी नहीं करते थे। उन्होंने यह भी कहा कि होटल के मैनेजमेंट, बिलिंग और अकाउंट्स का काम अलग लोगों को सौंपा गया था। बजाज के अनुसार, उन्हें यह सलाह दी गई थी कि किए गए बदलाव “सामान्य प्रक्रिया” के तहत आते हैं और दिल्ली में ऐसे मामलों में अक्सर कार्रवाई नहीं होती।

न्यायिक जांच के आदेश

हादसे के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल ने उच्च स्तरीय बैठक बुलाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। इसके तहत संबंधित जिला मजिस्ट्रेट के अधीन मजिस्ट्रियल जांच शुरू की जाएगी, ताकि हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की विस्तृत पड़ताल हो सके।

खतरनाक संरचना और सुरक्षा सवाल

हादसे स्थल की संरचना को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। होटल का फ्रंट हिस्सा बेहद संकरा बताया जा रहा है, जबकि अंदर बेसमेंट में कमरों का संचालन किया जा रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, इमारत में केवल एक ही आपातकालीन निकास मार्ग था, जिससे आपात स्थिति में लोगों के फंसने का खतरा और बढ़ गया।

स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच अब इस बात पर चर्चा तेज हो गई है कि क्या होटल संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर राजधानी दिल्ली में होटल और व्यावसायिक इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *