मुंडका फैक्ट्री में बड़ा हादसा, सेप्टिक टैंक की जहरीली गैस से 3 मजदूरों की मौत, मालिक-ठेकेदार गिरफ्तार

नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से 3 मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा फैक्ट्री नंबर 93/8 में हुआ, जहां पहले एक मजदूर टैंक में सफाई के लिए उतरा था। वह जहरीली गैस के कारण बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए दो अन्य मजदूर भी एक-एक कर टैंक में उतरे, लेकिन वे भी बाहर नहीं निकल सके।

सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों मजदूरों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान अरुण (38), संदीप (32) और चांद (42) के रूप में हुई है। तीनों सुल्तानपुरी के इंद्रा झील इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

मालिक, ठेकेदार समेत 3 गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री मालिक, एक सहयोगी और ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सूरज मारवाह (50), जयंत (61) और नीरज (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

जहरीली गैस से मौत की आशंका

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस के कारण मजदूर बेहोश होकर फंस गए। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। शवों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेजा गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किस स्तर पर हुई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *