फ्लाईदुबई| फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई घटना की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। UAE अधिकारियों के मुताबिक, को-पायलट ने कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर आपातकालीन कुल्हाड़ी से हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की।
कॉकपिट में हुआ हमला
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में हमले के बाद विमान अचानक नीचे की ओर जाने लगा। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का इमरजेंसी अनलॉक सक्रिय किया, जिसके बाद क्रू और यात्रियों ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू किया।
इसके बाद विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर कराई गई।
UAE ने बताया आतंकी वारदात की कोशिश
UAE के अटॉर्नी जनरल ने घटना को सामान्य विवाद नहीं, बल्कि कथित तौर पर आतंकवादी वारदात को अंजाम देने की कोशिश बताया है। जांच एजेंसियां आरोपी के मकसद और उसके संभावित संपर्कों की जांच कर रही हैं।
मीडिया रिपोर्टों में आरोपी की पहचान ओमानी नागरिक हम्माम अल-हम्मामी के रूप में की गई है। उसके पुराने रिकॉर्ड और कथित कट्टरपंथी सामग्री से जुड़े दावों की भी जांच की जा रही है।
कैप्टन स्मित की बहादुरी की चर्चा
हमले में घायल कैप्टन स्मित मच्छर का इलाज चल रहा है। मुश्किल हालात में विमान को संभालने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनकी बहादुरी की व्यापक सराहना हुई है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और हमले के पीछे के पूरे मकसद का पता लगाया जा रहा है।