रायपुर | छत्तीसगढ़ के करदाताओं, विभागीय अधिकारियों, अधिकृत प्रतिनिधियों और कर मामलों से जुड़े अधिवक्ताओं के लिए राहतभरी खबर है। गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल (GSTAT) की रायपुर बेंच 27 जुलाई से मामलों की सुनवाई शुरू करेगी।
जानकारी के अनुसार, शुरुआती दौर में सुनवाई ट्रिब्यूनल के अस्थायी परिसर में होगी, जो नॉर्थ बी-ब्लॉक, सेक्टर-19, वाणिज्यिक कर-जीएसटी भवन, नवा रायपुर (अटल नगर) में स्थित है।
जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल के अध्यक्ष द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, रायपुर बेंच में सभी श्रेणियों के मामलों की सुनवाई सोमवार से शुक्रवार तक की जाएगी। मामलों की सूची (कॉज़ लिस्ट) ट्रिब्यूनल के आधिकारिक ई-फाइलिंग पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी, जहां पक्षकार और अधिवक्ता अपने मामलों की निर्धारित तिथि और सुनवाई की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
ट्रिब्यूनल प्रशासन ने करदाताओं, अधिवक्ताओं और अन्य संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे अपने मामलों की नवीनतम स्थिति और सुनवाई की तारीखों की जानकारी के लिए नियमित रूप से ई-फाइलिंग पोर्टल की कॉज़ लिस्ट देखते रहें।
रायपुर बेंच में सुनवाई शुरू होने से राज्य के करदाताओं को अपील संबंधी मामलों के निपटारे में सुविधा मिलेगी और जीएसटी विवादों के समाधान की प्रक्रिया भी तेज होने की उम्मीद है |