सीमेंट उद्योग में बड़ा निवेश, 2027-28 तक 75,000 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी : क्रिसिल रिपोर्ट

नई दिल्ली  । देश में सीमेंट की बढ़ती मांग को देखते हुए घरेलू सीमेंट निर्माता उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए बड़े निवेश की तैयारी कर रहे हैं। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, सीमेंट कंपनियां चालू अवधि से लेकर वित्त वर्ष 2027-28 तक लगभग 75,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत निवेश कर सकती हैं। यह निवेश पिछले दो वित्त वर्षों की तुलना में करीब 10 प्रतिशत अधिक होगा।

क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में बुनियादी ढांचे के विकास, आवास निर्माण और विभिन्न निर्माण गतिविधियों में तेजी के चलते सीमेंट की मांग में वृद्धि हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनियां अपनी उत्पादन क्षमता का विस्तार करने और भविष्य की मांग को पूरा करने के लिए निवेश बढ़ा रही हैं।

रिपोर्ट में बताया गया है कि सीमेंट उद्योग में पिछले कुछ समय से पूंजीगत व्यय लगातार बढ़ रहा है। उत्पादन क्षमता विस्तार के लिए किए जा रहे बड़े निवेश का असर कंपनियों की वित्तीय स्थिति पर भी पड़ सकता है। विशेष रूप से चालू वित्त वर्ष में पूंजीगत खर्च और मुनाफे पर अल्पकालिक दबाव के कारण कंपनियों के कर्ज अनुपात में बदलाव देखने को मिल सकता है।

क्रिसिल के अनुसार, सीमेंट कंपनियों के लिए बढ़ती मांग के अनुरूप उत्पादन क्षमता तैयार करना महत्वपूर्ण है। हालांकि, बड़े निवेश के साथ कंपनियों को कर्ज प्रबंधन, परिचालन लागत और लाभप्रदता के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती भी रहेगी।

सीमेंट उद्योग में प्रस्तावित निवेश से नई उत्पादन इकाइयों की स्थापना, मौजूदा संयंत्रों के विस्तार और उत्पादन दक्षता बढ़ाने को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही निर्माण एवं बुनियादी ढांचा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों को भी इसका लाभ मिल सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में बुनियादी ढांचे और आवास क्षेत्र की बढ़ती जरूरतें सीमेंट उद्योग के लिए दीर्घकालिक विकास के अवसर पैदा कर रही हैं। ऐसे में आने वाले वर्षों में कंपनियों का निवेश देश की सीमेंट उत्पादन क्षमता और औद्योगिक विकास को नई गति दे सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *