CM साय की पहल से जशपुर को बड़ी सौगात, आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के लिए 5.49 करोड़ स्वीकृत

रायपुर । जशपुर जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जिला मुख्यालय जशपुर में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 5 करोड़ 49 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति से जिले में फुटबॉल खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।

मुख्यमंत्री श्री साय की पहल और उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में स्टेडियम निर्माण को मंजूरी दी गई है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस स्टेडियम के बनने के बाद जशपुर के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और विभिन्न खेल आयोजनों के लिए बेहतर मंच मिलेगा।

फुटबॉल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच

जशपुर जिले में फुटबॉल के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों में विशेष उत्साह और रुचि को देखते हुए आधुनिक स्टेडियम का निर्माण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण की सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही जिला स्तर की प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

खेल गतिविधियों को मिलेगी नई रफ्तार

स्टेडियम के निर्माण से जशपुर में फुटबॉल से जुड़ी प्रतियोगिताओं और खेल आयोजनों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। आधुनिक खेल अधोसंरचना उपलब्ध होने से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और जिले में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा जशपुर जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं के विस्तार पर लगातार जोर दिया जा रहा है। आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए मिली यह स्वीकृति जिले में खेल अधोसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *