धमतरी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने कोलियारी-धमतरी मार्ग पर अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 8 ट्रैक्टरों को रंगे हाथों पकड़कर जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने संयुक्त टीम गठित कर औचक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान जब टीम ने वाहनों को रोककर रॉयल्टी पर्ची और परिवहन संबंधी दस्तावेजों की मांग की, तो चालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
दस्तावेज नहीं मिलने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 8 ट्रैक्टरों को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखवा दिया है। साथ ही मामले में खनिज अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
वहीं, प्रशासन ने वाहन संचालकों से नियमों का पालन करने और केवल वैध अनुमति के साथ ही खनिज परिवहन करने की अपील की है।