रायपुर । बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जल संसाधन अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने दो सिंचाई योजनाओं के जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्यों के लिए 5 करोड़ 24 लाख 23 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
जल संसाधन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन से इस संबंध में मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार, जल संसाधन विभाग रायपुर को स्वीकृति आदेश जारी किया गया है। दोनों योजनाओं के पूरा होने से जिले के कुल 184 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
मोहतरा टार बांध के लिए 2.27 करोड़
स्वीकृत कार्यों में मोहतरा टार बांध योजना के जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य के लिए 2 करोड़ 27 लाख 88 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। कार्य पूरा होने के बाद करीब 50 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का लाभ किसानों को मिलेगा।
बिटकुली जलाशय के लिए 2.96 करोड़
इसी तरह बिटकुली जलाशय योजना के जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य के लिए 2 करोड़ 96 लाख 35 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। योजना के पूर्ण होने पर 134 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
राज्य सरकार की इस पहल से दोनों क्षेत्रों में सिंचाई व्यवस्था मजबूत होने के साथ किसानों को कृषि कार्यों के लिए बेहतर जल उपलब्धता सुनिश्चित होने की उम्मीद है।