रायपुर | छत्तीसगढ़ में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। प्रदेश में प्रस्तावित 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से मान्यता मिल गई है। इन कॉलेजों में इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होगी।
नए मेडिकल कॉलेज कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़, दंतेवाड़ा और कुनकुरी में शुरू किए जाएंगे। प्रत्येक कॉलेज में 50-50 एमबीबीएस सीटों की अनुमति मिली है। इसके साथ ही प्रदेश में एमबीबीएस की कुल 250 सीटों की बढ़ोतरी होगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार प्रदेश में एक साथ पांच नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिली है। इससे राज्य में मेडिकल शिक्षा के विस्तार के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले एनएमसी ने अधोसंरचना और अन्य जरूरी सुविधाओं की कमी के कारण इन मेडिकल कॉलेजों को मान्यता देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर प्रदेश की स्थिति और तैयारियों से अवगत कराया था।
मेडिकल शिक्षा आयुक्त रितेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों से यह मंजूरी मिली है। उन्होंने बताया कि नए मेडिकल कॉलेजों के शुरू होने से संबंधित क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर होगी और स्थानीय युवाओं को डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सभी पांचों मेडिकल कॉलेजों को 50-50 सीटों की मान्यता मिली है, जिससे एमबीबीएस की 250 सीटें बढ़ेंगी। अब सरकार का प्रयास पहले से संचालित मेडिकल कॉलेजों में भी सीटों की संख्या बढ़ाने का रहेगा। उन्होंने बताया कि जेएनएम मेडिकल कॉलेज में पहले ही 20 सीटों की वृद्धि की गई है।
नए मेडिकल कॉलेजों के शुरू होने से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।