रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का आयोजन रायपुर के इंडोर स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए, जहां कर्मचारियों के लिए कई अहम घोषणाएं की गईं।
मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की कि हाल ही में हुई हड़ताल के दौरान कर्मचारियों का रोका गया वेतन जारी किया जाएगा। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एनएचएम कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्री की बड़ी घोषणाएं
मंत्री ने बताया कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को देखते हुए 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि लागू की जाएगी। इसके अलावा ग्रेड पे के लिए एक कमेटी गठित की गई है और कार्य मूल्यांकन प्रक्रिया में दावा-आपत्ति का प्रावधान जोड़ा गया है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि कर्मचारियों को 30 दिन का मेडिकल अवकाश मिलेगा और स्थानांतरण संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए ट्रांसफर नीति लागू कर दी गई है। साथ ही सभी एनएचएम कर्मचारियों का बीमा कवरेज किया गया है।
मंत्री ने आगे बताया कि कर्मचारी की मृत्यु होने पर परिवार को 1.40 करोड़ रुपये तक की आर्थिक सहायता और बच्चों की शिक्षा के लिए 5-5 लाख रुपये तक की व्यवस्था की जाएगी।
सीएम साय का बयान
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना महामारी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उनकी सेवाएं सराहनीय रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया गया है।
महासम्मेलन में मौजूद एनएचएम कर्मचारियों ने सरकार की घोषणाओं का स्वागत किया और इसे अपने हित में बड़ा कदम बताया।