CBIC में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 559 IRS अधिकारियों का तबादला, नई पोस्टिंग के आदेश जारी

नई दिल्ली। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 559 भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश आज जारी किया गया।

CBIC द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किया जाएगा और उन्हें अपने नए पदस्थापन स्थल पर 6 जुलाई 2026 तक कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य होगा।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि नए स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने से पहले किसी भी प्रकार के अभ्यावेदन (Representation) पर विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही स्थानांतरण से जुड़े सभी पुराने आवेदन स्वतः निरस्त माने जाएंगे।

स्थानांतरण और पदस्थापन नीति 2018 के प्रावधानों के तहत दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़, लखनऊ, रांची और चेन्नई जीएसटी ज़ोन सहित कई क्षेत्रों में साझा व्यवस्था के अंतर्गत अधिकारियों की तैनाती की गई है। इन क्षेत्रों को संबंधित सीमा शुल्क (निवारक) इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

CBIC ने सभी जोन प्रमुखों को 10 जुलाई 2026 तक अनुपालन रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं, जिसमें अधिकारियों के कार्यमुक्त होने और कार्यभार ग्रहण करने की स्थिति की जानकारी शामिल होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *