मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई: अंबिकापुर में 3219 बोरी उर्वरक जब्त, खाद विक्रय केंद्र सील

रायपुर।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर किसानों को निर्धारित दर पर खाद-बीज उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर मिली शिकायत के बाद सरगुजा जिले में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर के नेहरूनगर (डीगमा) स्थित एक उर्वरक विक्रय केंद्र पर अधिक कीमत पर खाद बेचने की शिकायत मिली थी। शिकायत में बताया गया कि मेसर्स सरगुजा कृषि राय केंद्र द्वारा किसानों से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली जा रही थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग की टीम ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता किसान के बयान और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिला स्तरीय टीम ने 25 जून को संबंधित विक्रय केंद्र पर औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मौके से कुल 3219 बोरी उर्वरक जब्त की गई और पूरे विक्रय केंद्र को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के उर्वरक विक्रेताओं में सख्त संदेश गया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि श्री कुंवर साय पैंकरा, उर्वरक निरीक्षक श्री जे. आलम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री सीताराम भगत सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को तय दर पर खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार निरीक्षण और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने किसानों से अपील की है कि किसी भी तरह की अनियमितता की सूचना तुरंत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दें।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *