कोयला रेल लाइन पर बड़ा हादसा : मालगाड़ी से टकराकर मादा हाथी की गई जान

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां मालगाड़ी की चपेट में आने से एक जंगली मादा हाथी की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हाथियों का झुंड लंबे समय तक डटा रहा, जिससे वन विभाग की टीम को रेस्क्यू में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार यह घटना घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत चारमार गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि कोयला परिवहन वाली रेल लाइन से गुजर रही मालगाड़ी के सामने अचानक लगभग 45 वर्षीय मादा हाथी आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

ट्रेन की टक्कर से हाथी के पैर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही दर्द से कराहती रही। वन विभाग की टीम जब तक मौके पर पहुंचती, तब तक हाथी ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद हाथी के झुंड ने अपनी साथी के आसपास घेरा बनाकर लंबे समय तक वहीं डटे रहे, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। वन विभाग और रेस्क्यू टीम को मौके पर पहुंचकर काफी सावधानी से कार्रवाई करनी पड़ी।

फिलहाल हाथी के शव को पोस्टमार्टम के बाद दफनाने की प्रक्रिया की जा रही है। वन विभाग मामले की जांच में जुटा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *