माही श्रीवास्तव का दर्दनाक अंदाज, ‘जया’ का भावुक गीत ‘कट गए हैं पांव’ हुआ रिलीज

मुंबई |  भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री माही श्रीवास्तव की फिल्म ‘जया’ का भावुक गीत ‘कट गए हैं पांव’ रिलीज हो गया है। गीत के वीडियो में माही श्रीवास्तव एक बेहद दर्दनाक परिस्थिति में नजर आ रही हैं, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया है।

गीत के वीडियो में माही एक गरीब परिवार की कम उम्र की महिला का किरदार निभाती दिखाई देती हैं। वह गंगा घाट पर अपनी गोद में अपने मृत बच्चे का शव लेकर बैठी हैं और फूट-फूटकर रोती नजर आती हैं। इसके बाद वह खुद अपने बच्चे की चिता को आग देती हैं और अंतिम संस्कार के बाद उसकी राख गंगा में प्रवाहित करती हैं।

इस पूरे भावुक दृश्य के बीच सुगम सिंह की दर्दभरी आवाज गीत के असर को और गहरा करती है। माही ने बिना संवाद के अपने हाव-भाव और आंखों के जरिए मां के दर्द और बेबसी को प्रभावी ढंग से पर्दे पर उतारा है।

सामाजिक सरोकार से जुड़ी फिल्म

‘जया’ को महिला-केंद्रित और सामाजिक सरोकार वाली फिल्म के तौर पर पेश किया गया है। फिल्म में माही श्रीवास्तव और दया शंकर पांडेय प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन धीरू यादव ने किया है, जबकि निर्माता रत्नाकर कुमार और सह-निर्माता निवेदिता कुमार हैं।

गीत के बोल शकील आजमी ने लिखे हैं और संगीत साहिल खान तथा धीरू यादव ने दिया है। रिलीज के बाद गीत को दर्शकों की ओर से भावुक प्रतिक्रिया मिल रही है।

‘कट गए हैं पांव’ सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि एक मां के दर्द, संघर्ष और असहनीय त्रासदी को पर्दे पर उतारने की कोशिश के रूप में सामने आया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *