महासमुंद को 32 करोड़ की विकास सौगात, नए बस स्टैंड के लिए 6.50 करोड़ और नगर पालिका भवन के लिए 3.50 करोड़ की घोषणा

महासमुंद । उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने महासमुंद में करीब 31.60 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने शहर के विकास को गति देने के लिए नए बस स्टैंड के निर्माण हेतु 6.50 करोड़ रुपये और नगर पालिका के नए कार्यालय भवन के लिए 3.50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

लोहिया चौक में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरों के समग्र और संतुलित विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाना है।

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12,666 करोड़ रुपये के पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। महासमुंद जिले में भी विभिन्न विकास कार्यों के लिए 468 कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। सड़क और अधोसंरचना विकास के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

महासमुंद को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने का लक्ष्य

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य लेकर काम किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से शहर की स्वच्छता और विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रदेश में युवाओं के लिए स्वीकृत 38 नालंदा परिसरों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

विधायक ने रखी रिंग रोड की मांग

महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन में महासमुंद में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने शहर के लिए रिंग रोड की आवश्यकता बताते हुए नए बस स्टैंड और नगर पालिका कार्यालय भवन की मांग उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

उन्होंने बताया कि महासमुंद का गौरव पथ और तुमगांव रोड निर्माणाधीन है, जबकि नहर लिंकिंग रोड को स्वीकृति मिल चुकी है। सिरपुर बैराज भी स्वीकृत हो चुका है।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिल कांत साहू ने विकास कार्यों की सौगात के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने बढ़ती आबादी और शहर के विस्तार को देखते हुए महासमुंद नगर पालिका को नगर निगम बनाने की मांग भी रखी।

कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री श्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, विभिन्न जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह सहित अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *